

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने अपनी विभिन्न लंबित और न्यायसंगत मांगों को लेकर शुक्रवार को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल में शामिल होते हुए शहर के रैदोपुर में स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के सामने धरना प्रदर्शन किया। बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी है।संगठनों के अनुसार, सितंबर माह के अंत में तीन दिवसीय हड़ताल तथा इसके बाद अक्टूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल का चरण शुरू किया जाएगा। बैंक कर्मचारी संगठनों ने सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग दोहराते हुए कहा कि इस संबंध में समझौता होने के बावजूद क्रियान्वयन में लगातार देरी की जा रही है। वहीं, संगठनों ने भेदभावपूर्ण प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन व्यवस्था का विरोध करते हुए इसे पारदर्शी और न्यायपूर्ण बनाने की मांग की।इसके अलावा बैंक शाखाओं में बढ़ते कार्यभार को देखते हुए बेहतर भर्ती और पर्याप्त कर्मचारियों की नियुक्ति, ईमानदारी से कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों को संरक्षण, पेंशन में सुधार तथा ग्रेच्युटी संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग भी उठाई गई।संगठनों ने कर्मचारियों से निर्धारित नियमों, प्रक्रियाओं और कार्य समय के अनुसार कार्य करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों पर लगातार बढ़ते कार्यदबाव को सामान्य व्यवस्था के रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।संगठनों ने आंदोलन का चरण स्पष्ट करते हुए बताया कि 11 सितंबर को एक दिवसीय हड़ताल, सितंबर के अंत में तीन दिवसीय हड़ताल और अक्टूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रस्तावित है। उन्होंने सरकार एवं बैंक प्रबंधन से सार्थक वार्ता कर सभी लंबित मांगों का शीघ्र न्यायपूर्ण समाधान करने की अपील की।*बाइट : विवेक विक्रम सिंह, उपाध्यक्ष**बाइट : उमाकांत यादव उपाध्यक्ष*वहीं उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अरेबिया ऑफिसर्स स्थाई समन्वय समिति ने शहर के सिधारी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर पांच दिवसीय बैंकिंग के समर्थन में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन अरेबिया आजमगढ़ के संयोजक निशांत सिंह ने बताया कि बैंक कर्मी फाइव डेज बैंकिंग को लागू करने की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। उनका कहना है कि 12वें द्विपक्षीय समझौते में इसे लागू किया जाना था, लेकिन आज तक इसे लागू नहीं किया गया है। इसके अलावा, पीएलआई में भेदभाव और स्केल 3 व उससे नीचे के साथियों को कम वेतन मिलने का भी विरोध किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि बैंक की अन्य सेवाएं जैसे नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई सुचारू रूप से चालू हैं। जनसेवा केंद्र और बैंक मित्र भी खुले हुए हैं जहां से लोग पैसे निकाल सकते हैं। हड़ताल से आम जनता को ज्यादा परेशानी न हो। कहा कि यदि सरकार उनकी मांगें नहीं मानती है, तो वे सितंबर के अंत में 3 दिन की हड़ताल और अगले महीने 26 तारीख से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे रहे हैं।
