आजमगढ़ में फर्जी शादी कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दुल्हन-पिता-भाई बनकर करते थे ठगी, 7 गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बरदह पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 पुरुषों और 2 महिलाओं समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य दुल्हन, उसके पिता, भाई और रिश्तेदार बनकर फर्जी शादी का पूरा ड्रामा रचते थे। शादी के बाद रुपये, जेवर और कपड़े लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर को हरदोई निवासी रामबिलाश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बेटे राजकुमार की शादी कराने के लिए व्हाट्सऐप पर लड़की की फोटो भेजी गई थी। इसके बाद उसे बरदह क्षेत्र के बंधवा महादेव मंदिर बुलाकर लड़की से शादी कराई गई। शादी के दौरान लड़की को नाक की कील और 80 हजार रुपये नकद दिए गए।शादी के बाद राजकुमार लड़की को लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान बंधवा मोड़ के पास लड़की के कथित पिता, भाई और एक अन्य व्यक्ति ने उसे गाड़ी से उतार दिया और लड़की व रुपये लेकर फरार हो गए। मामले की जांच में जुटी बरदह पुलिस को 11 सितंबर को कोदहरा चौराहे के पास गिरोह के सदस्यों के एकत्र होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों के पास मौजूद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे, जिनकी शादी नहीं हो पा रही थी। महिला सदस्य को दुल्हन बनाकर उसकी फोटो भेजी जाती थी। मंदिर में शादी के दौरान अन्य सदस्य लड़की के पिता, भाई और रिश्तेदार बनकर लड़के पक्ष का विश्वास जीतते थे। शादी के बाद रुपये और सामान लेकर लड़के पक्ष को विवाद और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर भगा देते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19,650 रुपये नकद, पायल, मंगलसूत्र, कान के झुमके, नाक की कील, सिन्दूर की डिब्बी, दो साड़ी, पैंट-शर्ट का कपड़ा और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बजरंगी बिन्द और जय किशन उर्फ अजीत के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में बरदह थाने पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *