
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में आ गया है। शनिवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) कार्यालय में उस समय जमकर हंगामा हुआ, जब एक शिक्षक के पुत्र और पुत्री ने डीआईओएस उपेंद्र कुमार पर वेतन भुगतान के नाम पर 25 लाख रुपये घूस लेने और 17 लाख रुपये और न मिलने पर वेतन अवरुद्ध करने का आरोप लगाया।मामला अंजुमन इस्लामिया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दौना, लालगंज से जुड़ा है। शिक्षक के पुत्र सौरभ तिवारी और पुत्री डॉ. प्रिया तिवारी का कहना है कि विद्यालय वर्ष 2002 में अनुदान सूची में शामिल हुआ था। इस दौरान तीन पुराने शिक्षकों के स्थान पर तीन नए शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया, जो न्यायालय तक पहुंचा। कोर्ट के आदेश पर वर्षों तक वेतन अवरुद्ध रहा।पीड़ित पक्ष के अनुसार वर्ष 2016 में कोर्ट से शिक्षकों के पक्ष में फैसला आया, लेकिन विपक्षी द्वारा स्टे लिया गया। इसके बाद 2024 में न्यायालय ने दोबारा शिक्षकों के पक्ष में निर्णय देते हुए वेतन भुगतान का आदेश दिया। आरोप है कि जब कोर्ट के आदेश के बाद डीआईओएस कार्यालय में भुगतान के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी बीच कार्यालय के एक कर्मचारी के माध्यम से कथित तौर पर डीआईओएस और पीड़ित पक्ष के बीच मध्यस्थता हुई, जिसके तहत 25 लाख रुपये लेकर वेतन भुगतान शुरू किया गया।सौरभ तिवारी और डॉ. प्रिया तिवारी का आरोप है कि एक माह का भुगतान होने के बाद डीआईओएस ने 17 लाख रुपये और मांगते हुए वेतन पुनः रोक दिया। इसके बाद शिक्षक फिर से कोर्ट गए, जहां से दोबारा भुगतान का आदेश मिला। डीआईओएस उपेंद्र कुमार के अवकाश के दौरान प्रभारी डीआईओएस वीरेंद्र प्रताप सिंह ने वेतन भुगतान शुरू कराया, लेकिन उपेंद्र कुमार के अवकाश से लौटने के बाद दोबारा वेतन अवरुद्ध कर दिया गया। इससे आक्रोशित होकर शिक्षक के पुत्र-पुत्री संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पहुंचे, जहां मौजूद अधिकारियों के सामने जमकर हंगामा हुआ। हंगामा करीब आधे घंटे तक चलता रहा।इस दौरान शिक्षक के पुत्र-पुत्री ने एक शिक्षक नेता पर भी वेतन बहाली के लिए 10 लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंचे लोगों और अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति शांत कराई गई। संयुक्त शिक्षा निदेशक नवल किशोर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।वेतन भुगतान न होने को लेकर शिक्षक के पुत्र-पुत्री आए थे। डीआईओएस पर घूस लेने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत की जांच कराई जाएगी, दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
