ऊर्जा मंत्री ने सठियांव बिजली कैंप का किया निरीक्षण, उपभोक्ताओं को समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने शुक्रवार को आजमगढ़ के सठियांव में आयोजित बिजली कैंप का निरीक्षण कर आम जनता से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिल गड़बड़ी समेत बिजली से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश भर में मेगा शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि किसी को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, विभाग पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्य कर रहा है।ऊर्जा मंत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के चलते इस समय बिजली की मांग में काफी वृद्धि हुई है, जिसके कारण कुछ स्थानों पर विद्युत व्यवधान की समस्या सामने आ रही है। विभाग द्वारा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने बताया कि बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि कराई जा रही है तथा निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। मंत्री ने कहा कि आज के समय में बिजली हर व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। बिजली के बिना मोबाइल चार्ज नहीं हो सकते, अस्पतालों के उपकरण नहीं चल सकते और दैनिक जीवन की अधिकांश गतिविधियां प्रभावित हो जाती हैं। इसलिए सरकार विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।उत्तर प्रदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश आज बिजली उत्पादन के क्षेत्र में देश में दूसरे स्थान पर है, जो गर्व का विषय है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि बिजली से संबंधित हर समस्या का निस्तारण अधिकारियों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *