

गौरव श्रीवास्तव,आज़मगढ़। जनपद के थाना जीयनपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित पशु का मांस बेचने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामिया अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। आपको बता दे की 08 नवंबर 2025 को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति प्रतिबंधित पशु के बच्चे का वध करने के उद्देश्य से खालिसपुर की खजूर वाली बाग की ओर जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने खालिसपुर गांव के पास से आदिल पुत्र इश्तियाक निवासी कुरैशनगर, कस्बा जीयनपुर को गिरफ्तार किया था, जबकि उसका साथी रईस पुत्र रियाजुद्दीन निवासी खालिसपुर मौके से फरार हो गया था।गिरफ्तार अभियुक्त के पास से प्रतिबंधित पशु का बच्चा, चापड़, इलेक्ट्रिक तराजू, लकड़ी का मोटा टुकड़ा तथा एक तमंचा .315 बोर और जिंदा कारतूस बरामद किया गया था। इस संबंध में थाना जीयनपुर पर गोवध निवारण अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। फरार अभियुक्त रईस पर बाद में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। 31 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक पवन यादव की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान खालिसपुर नहर रोड से अभियुक्त रईस को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के पास से एक तमंचा .312 बोर और एक जिंदा कारतूस .312 बोर बरामद हुआ।
