

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ ।कमिश्नर आजमगढ़ की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन लौट रहे आरक्षी बलवंत सिंह यादव की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार देर रात थाना सिधारी क्षेत्र के बेलईशा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर एक अनुबंधित बस की टक्कर से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।दिवंगत आरक्षी बलवंत सिंह यादव (29) चंदौली जनपद के करजरा गांव के निवासी थे। उनका चयन वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश पुलिस में हुआ था और वर्तमान में वे कमिश्नर की सुरक्षा गार्ड ड्यूटी में तैनात थे।गुरुवार को पुलिस लाइन आजमगढ़ में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान एसएसपी डॉ. अनिल कुमार, एएसपी नगर मधुवन कुमार सिंह, एएसपी ग्रामीण चिराग जैन समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने दिवंगत आरक्षी को नम आंखों से अंतिम विदाई देते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
