मेहनाजपुर बाज़ार की सड़क बनी तालाब, ग्रामीणों ने धान की रोपाई कर जताया विरोध

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के मेहनाजपुर बाज़ार की मुख्य सड़क लगातार बारिश के बाद तालाब में तब्दील हो गई है। सड़क पर जलभराव और कीचड़ से नाराज़ ग्रामीणों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर ही धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।स्थानीय लोगों का कहना है कि बाज़ार में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण दुकानों के सामने गंदा पानी जमा है। इससे ग्राहकों की आवाजाही लगभग बंद हो गई है और व्यापारियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई दुकानदारों को दुकानों में पानी घुसने का भी डर सता रहा है।सड़क पर बने गहरे गड्ढे पानी में डूबे होने के कारण दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन बाइक और साइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। वहीं वाहनों की धीमी आवाजाही के कारण बाज़ार में जाम की स्थिति भी बनी रहती है।व्यापार मंडल और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मुख्य मार्ग पर स्थायी नाली निर्माण, जल निकासी की व्यवस्था तथा क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, अनुराग तिवारी, वैभव पांडेय (विभू), संदीप गुप्ता, रोशन सिंह, सलीम अहमद, आशीष जायसवाल, संतोष गुप्ता, शाहिद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *