

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण, रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के लिए BOCW Digital Labour Chowk Mobile App लॉन्च किया है। सहायक श्रम आयुक्त पवन कुमार ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से निर्माण श्रमिक अपना पंजीकरण कर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। वहीं बिल्डर, ठेकेदार, निर्माण एजेंसियां और अन्य नियोजक भी ऐप पर पंजीकरण कर अपनी जरूरत के अनुसार पंजीकृत श्रमिकों की तलाश कर सकेंगे। यह एंड्रॉयड ऐप डिजिटल लेबर मार्केट के रूप में कार्य करेगा और ओला-उबर की तर्ज पर श्रमिकों व नियोजकों को सीधे जोड़ेगा। इसके साथ ही श्रमिक बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकेंगे। श्रम विभाग ने सभी निर्माण श्रमिकों, बिल्डरों, ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों से अपील की है कि वे इस ऐप पर पंजीकरण कर डिजिटल व्यवस्था का अधिकतम लाभ उठाएं और अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
