


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र में पुलिस बनकर वाहन चेकिंग के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से ₹12,900 नकद बरामद किए गए हैं। आपको बता दे 13 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाना सरायमीर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जनवरी को वह सरायमीर बाजार से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में शाहपुर मोड़ के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर हेलमेट चेकिंग के बहाने उसकी तलाशी ली और उसके पर्स से ₹3000 निकालकर फरार हो गया। इस मामले में थाना सरायमीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी क्रम में बुधवार को उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह अपने पुलिस दल के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शाहपुर रोड स्थित खरेवां मोड़ के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अवधेश यादव पुत्र मुखराम यादव निवासी मोजरापुर, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ बताया।तलाशी के दौरान उसके पास से ₹12,900 नकद बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस का रूप धारण कर वाहन चेकिंग के नाम पर लोगों से ठगी व चोरी की घटनाएं करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
