

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जनपद के थाना मेंहनाजपुर पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त को 24 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।आपको बता दे की पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित एवं इनामिया अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 2 जनवरी को थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनीष पाल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 31 दिसंबर को हुई हत्या का वांछित अभियुक्त ऊच हुआ से मानिकपुर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर मानिकपुर मोड़ से करीब 200 मीटर पहले पुलिया के पास घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान वरुण यादव उर्फ शेरू यादव पुत्र अवधराज यादव, निवासी ऊचहुआ, थाना चन्दवक, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
