

10 लाख रुपये से होगा पार्क का सुंदरीकरण, विधानसभा के 10 गांवों में बनेंगे आंबेडकर पार्क
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया आजमगढ़ । संविधान दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत भिऊरा में आंबेडकर पार्क निर्माण का शिलान्यास किया गया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता अरुण राजभर ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और विधिवत पार्क की आधारशिला रखी।इस दौरान अरुण राजभर ने कहा कि अतरौलिया विधानसभा के 3.58 लाख परिवार उनके अपने परिवार हैं। क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को विकास, सुरक्षा और न्याय दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के प्रयास और मुख्यमंत्री की सहमति से अतरौलिया विधानसभा के 10 गांवों में आंबेडकर पार्क निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपये के प्रस्ताव स्वीकृत हुए हैं।उन्होंने कहा कि भिऊरा गांव की मतदाता सूची में 17 नवंबर को नाम शामिल होने के बाद अपने गांव से विकास कार्य शुरू करने का अवसर मिला है। यहां पार्क का सुंदरीकरण, इंटरलॉकिंग और लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही आरसीसी सड़क, नाली और बिजली की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कर गांव को स्मार्ट गांव बनाया जाएगा।अरुण राजभर ने बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 2 वर्ष 11 माह 17 दिन के अथक प्रयास से देश को समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय पर आधारित संविधान दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 59 हजार गांवों में बाबा साहब की प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल और छत निर्माण की योजना भी आगे बढ़ रही है।स्थानीय विधायक और सांसद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय क्षेत्र में दिखाई देते हैं। स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता को भारी बिजली बिलों की समस्या से जूझना पड़ रहा है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि अतरौलिया में जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव, डराने और धमकाने की राजनीति नहीं चलेगी। प्रत्येक समाज को संवैधानिक अधिकार, सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए वह हमेशा तत्पर रहेंगे।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत भिऊरा के लोगों ने अरुण राजभर का स्वागत किया।
