तीन सवारी और काली फिल्म पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 893 वाहनों का चालान, 5.74 लाख रुपये जुर्माना वसूला

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ वाराणसी जोन में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के मार्गदर्शन में 24 नवंबर को जोन के सभी नौ जनपदों में दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया।सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने कार्रवाई के साथ आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। अभियान के दौरान कुल 8,025 लोगों को जागरूक किया गया, जबकि 893 वाहनों का चालान कर 5 लाख 74 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।कार्रवाई के आंकड़ों में मीरजापुर परिक्षेत्र सबसे आगे रहा, जहां सर्वाधिक 2,907 लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, आजमगढ़ परिक्षेत्र में सर्वाधिक 388 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा वाराणसी परिक्षेत्र में सबसे अधिक 3 लाख 76 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी न बैठाएं और चार पहिया वाहनों के शीशों पर काली फिल्म का प्रयोग न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *