आजमगढ़ में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भटक रहे लोग, सभासद ने डीएम से लगाई गुहार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ क्षेत्र में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लंबे समय से लंबित पड़े आवेदनों का निस्तारण नहीं होने पर नगर पालिका के सभी सभासदो ने जिलाधिकारी को पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की है। सभासदों ने अपने पत्र में बताया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए नागरिकों की ओर से संबंधित विभाग में कई आवेदन दिए गए हैं, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी उनका निस्तारण नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि उपजिलाधिकारी सदर, आजमगढ़ की ओर से 30 सितंबर 2026 से पूर्व लंबित मामलों की जांच कर निस्तारण करने के आदेश दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अभी तक कई मामलों को ऑनलाइन कर अंतिम रूप से निस्तारित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र शिक्षा में प्रवेश, आधार कार्ड बनवाने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, पेंशन और अन्य जरूरी सरकारी व गैर-सरकारी कार्यों के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। इनके अभाव में आम नागरिकों को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र के माध्यम से सभासद ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित तहसील और जन्म-मृत्यु पंजीकरण विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर ऑनलाइन निस्तारण कराया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *