

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,वाराणसी में आयोजित युवा ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में आजमगढ़ पुलिस लाइन की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में प्रदेश के सात जनपदों की टीमों ने हिस्सा लिया, जहां आजमगढ़ की चार बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।20 जून को सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, वाराणसी में आयोजित इस प्रतियोगिता में गौरवी गुप्ता, श्रेया यादव, सृष्टि पाठक और आयत ने जूनियर एवं कैडेट वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पूर्व एशियाई खेलों की पदक विजेता महिला खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण मुकाबलों का स्तर काफी ऊंचा रहा।प्रतियोगिता से लौटने पर पुलिस लाइन में खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। क्षेत्राधिकारी लाइन आस्था जायसवाल और प्रतिसार निरीक्षक ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।इन खिलाड़ियों की सफलता के पीछे कोच आरक्षी सुनील शिंदे का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षक को बधाई देते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और जनपद पुलिस प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
