

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के भीरा गांव में बिजली के पोल और तार लगाने को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर प्रस्तावित कार्य रोकने और दूसरे विकल्प तलाशने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि 74 लोगों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र के माध्यम से 25 मार्च 2026 को इस संबंध में शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि स्थानीय जेई से शिकायत करने के बावजूद उनसे मुलाकात या फोन पर संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों को फोर्स लगाकर काम कराने की धमकी दी गई और रास्ते में आने वाले पेड़ों को कटवाने की बात कही गई।ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में जबरन बिजली के पोल लगाए जा रहे हैं, जबकि इस मामले को लेकर उनकी आपत्ति और शिकायत पहले से लंबित है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की जांच कराकर पोल लगाने का कार्य तत्काल रुकवाया जाए और ग्रामीणों की सहमति से कोई दूसरा उचित विकल्प तलाशा जाए।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी अपनी शिकायत प्रशासन के समक्ष उठाएंगे।
