




गौरव श्रीवास्तव, अमन गुप्ता,आजमगढ़।अतरौलिया क्षेत्र के गोविंदपुर स्थित बीएचएस कॉलेज ऑफ नर्सिंग में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. हरिश्चंद्र मौर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. वर्तिका सिंह एवं अनमोल सिंह ने केक काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की।इस दौरान नर्सिंग छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर नर्सों की सेवा, समर्पण और मानवता के प्रति उनके योगदान को दर्शाया। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और सभी ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।मुख्य अतिथि डॉ. हरिश्चंद्र मौर्य ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होती हैं। मरीजों की सेवा और देखभाल में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने सभी नर्स बहनों को अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नर्सें अपने सेवा भाव और समर्पण से समाज को नई दिशा देती हैं।कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. वर्तिका सिंह ने कहा कि एक डॉक्टर के लिए नर्स उसके हाथों की तरह होती है। मरीज के इलाज से लेकर उसकी देखभाल तक नर्स की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि नर्सें मरीजों के सबसे करीब रहकर उनकी सेवा करती हैं, इसलिए उनका योगदान सदैव सम्माननीय रहेगा।नर्सिंग छात्रा अंजली सिंह ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से कॉलेज में अध्ययन कर रही हैं, जहां पढ़ाई के साथ-साथ प्रैक्टिकल और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के रूप में मनाया जाता है, जिनके आदर्श आज भी नर्सिंग क्षेत्र को प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम में पुष्पलता सिंह, प्रवीण सिंह, संजय सिंह, सूरज कुमार यादव, राजेश यादव, हरिराम निषाद समेत कई लोग मौजूद रहे।
