




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर मंगलवार को यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बागेश्वर चौराहा और भंवरनाथ चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान के दौरान मोडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में उन दोपहिया वाहनों की सघन जांच की गई, जिनमें मानक के विपरीत पटाखा छोड़ने वाले मोडिफाइड साइलेंसर लगे थे। यातायात पुलिस और आरटीओ (प्रवर्तन) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों का चालान किया और कुल 10 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया। साथ ही 5 वाहनों को सीज भी किया गया। इसके अलावा अवैध रूप से मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और सायरन बेचने वाले दो दुकानदारों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसी सामग्री बेचने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों में मानक उपकरणों का ही प्रयोग करें, ताकि सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनी रहे।
