

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। सड़क दुर्घटना में पति की मौत के मामले में कार्रवाई न होने से परेशान पत्नी ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।पीड़िता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना 17 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। उनके पति मोटरसाइकिल संख्या UP 50 BY 2519 से जा रहे थे। इसी दौरान कार संख्या UP 70 HY 5676 के चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टक्कर मारने का आरोप लगाया गया है।हादसे में उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पीजीआई चक्रपानपुर, आजमगढ़ में उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।पीड़िता का आरोप है कि घटना के संबंध में 18 नवंबर को थाना जहानागंज में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 25 नवंबर को उन्होंने पुलिस अधीक्षक से दोबारा गुहार लगाते हुए आरोपी कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
