
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामदगी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 197 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। मोबाइल वापस मिलने से लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की जा रही है। आपको बता दे की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नागरिकों द्वारा सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद किया जा रहा है। इसी क्रम में जनवरी 2026 के दौरान पुलिस ने 197 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता प्राप्त की। आज पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन द्वारा बरामद मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सौंपे गए। इस दौरान मोबाइल धारकों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया और अभियान की सराहना की। बता दे की पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2025 में आजमगढ़ पुलिस द्वारा कुल 1553 मोबाइल फोन बरामद कर स्वामियों को सौंपे जा चुके हैं। वहीं पिछले 24 महीनों में कुल 3001 मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को वापस किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 7.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आजमगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद किया जा सके।
