लालगंज में स्वास्थ्य माफियाओं पर गिरी गाज, अवैध संचालन पर दो निजी अस्पताल सील

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए लालगंज क्षेत्र में संचालित दो निजी अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई की है। गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर गीता चाइल्ड सेंटर और आरती नर्सिंग होम को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है। साथ ही एक अस्पताल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के निरीक्षण के दौरान निजी अस्पतालों की जांच की गई, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं। यह कार्रवाई डॉ. आलेन्द कुमार (डिप्टी सीएमओ/नोडल निजी चिकित्सीय प्रतिष्ठान) एवं डॉ. ए. आर. सिंह (अधीक्षक लालगंज) की संयुक्त टीम द्वारा की गई। निरीक्षण के दौरान गीता चाइल्ड सेंटर में इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि अस्पताल बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था और वहां कोई योग्य चिकित्सक मौजूद नहीं था। अस्पताल का संचालन अप्रशिक्षित एवं अकुशल स्टाफ द्वारा किया जा रहा था, जिसे स्वास्थ्य विभाग ने गंभीर लापरवाही और नियमों का उल्लंघन माना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अस्पताल के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, आरती नर्सिंग होम के निरीक्षण में पाया गया कि अस्पताल का संचालन एक निजी एएनएम द्वारा किया जा रहा था। इस पर संबंधित एएनएम को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है कि निजी स्तर पर अस्पताल संचालन किन परिस्थितियों में किया जा रहा था।आपको बता दे की मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण और योग्य चिकित्सकों के संचालित किसी भी स्वास्थ्य संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *