आजमगढ़ में शव दफनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने, छह घंटे की पंचायत के बाद हुआ समझौता

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अलीनगर मोहल्ला में मंगलवार को शव दफनाने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। समय रहते पुलिस और राजस्व विभाग की सक्रियता से मामला शांत करा लिया गया और संभावित टकराव टल गया। करीब छह घंटे चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता होने पर मृतक का शव दफनाया गया।जानकारी के अनुसार, अलीनगर निवासी 85 वर्षीय मोहम्मद शमीम का सोमवार रात निधन हो गया था। मंगलवार सुबह परिजन शव को दफनाने के लिए कब्र खोदने पहुंचे, तभी ईदगाह कमेटी के सदस्यों ने आपत्ति जताई। एक पक्ष उक्त भूमि को कब्रिस्तान की जमीन बता रहा था, जबकि दूसरा पक्ष उसे ईदगाह की भूमि होने का दावा कर रहा था। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।सुबह करीब पांच बजे सूचना मिलने पर मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार, राजस्व निरीक्षक जयनारायण सिंह तथा लेखपालों की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। दोनों पक्षों को मुबारकपुर थाने बुलाकर वार्ता कराई गई।करीब छह घंटे चली पंचायत के बाद यह सहमति बनी कि भूमि विवाद का अंतिम निर्णय न्यायालय करेगा। तब तक मृतक मोहम्मद शमीम का शव उसी स्थान पर दफनाया जाएगा, जबकि भविष्य में न्यायालय के निर्णय तक अन्य सभी शवों को पास स्थित बड़े कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। न्यायालय के आदेश के बाद आगे की व्यवस्था तय होगी।समझौते के दौरान मृतक पक्ष की ओर से मोहम्मद शोएब सहित पांच लोग तथा ईदगाह कमेटी की ओर से हाजी मंसूर समेत पांच प्रतिनिधि मौजूद रहे।थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद्र चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही दोनों पक्षों को थाने बुलाकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वार्ता कराई गई। राजस्व विभाग की टीम के निरीक्षण और आपसी सहमति से विवाद का समाधान करा दिया गया। फिलहाल क्षेत्र में पूरी तरह शांति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *