


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। समाज के उपेक्षित तबके के उत्थान के लिए कार्यरत सामाजिक संगठन लॉज फ्रेंडशिप ऑन तमसा के तत्वावधान में मंगलवार को ईशान पब्लिक स्कूल, रोहुआ मुस्तफाबाद में निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर जरूरतमंदों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया और उन्हें तत्काल वाराणसी भेजा गया।कार्यक्रम का शुभारंभ कोऑर्डिनेटर व ख्यातिलब्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. भक्तवत्सल, समाजसेवी सुदर्शन दास अग्रवाल, अध्यक्ष राकेश अग्रवाल एवं अशोक अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। विद्यालय के प्रबंधक अशोक श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया।डॉ. भक्तवत्सल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है और इसी दिशा में यह शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि वाराणसी स्थित आरजे शंकरा आई हॉस्पिटल की पांच सदस्यीय टीम ने ऑप्टोमेट्रिस्ट अंकित कुमार के नेतृत्व में मरीजों की जांच की। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को ऑपरेशन व लेंस प्रत्यारोपण के लिए चयनित किया गया।शिविर में स्कूल के छात्र-छात्राओं का भी नेत्र परीक्षण किया गया, जिसमें कई बच्चों में नेत्र संबंधी समस्याएं पाई गईं। उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं।अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने कहा कि भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे। समाजसेवी सुदर्शन दास अग्रवाल ने संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से जरूरतमंद लोगों को नई रोशनी मिल रही है।प्रबंधक अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर में कुल 150 मरीजों की जांच की गई, जिनमें से 20 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए। सभी को बस के माध्यम से वाराणसी स्थित अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। ऑपरेशन के बाद मरीजों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाने की भी व्यवस्था की गई है।कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिव संजय श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष अनिल गौर, डॉ. सीके त्यागी, अशोक कुमार अग्रवाल, रवि जायसवाल, विजय अग्रवाल, डॉ. दिव्यांश, सुनील कुमार, सीताराम सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
