

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में सरकारी कार्यालय के नाम पर कूटरचित नियुक्ति पत्र और आदेश जारी कर धोखाधड़ी करने के मामले में सिधारी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मंडलीय उप निदेशक (पंचायत) कार्यालय, आजमगढ़ मंडल के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र एवं आदेश जारी कर रहा था।पुलिस के अनुसार, कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक सुनील कुमार सिंह की तहरीर पर इस मामले में थाना सिधारी में मुकदमा अपराध संख्या 443/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में सिधारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 31 अक्टूबर को होमगार्ड ग्राउंड के पास से सुबह करीब 11:25 बजे वांछित अभियुक्त रितेश मणि त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितेश मणि त्रिपाठी (46 वर्ष) पुत्र सुभाष चन्द्र मणि त्रिपाठी निवासी सवायां टोला मउववा, थाना कसया, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में कमिश्नरी कार्यालय के सामने, थाना सिधारी क्षेत्र में रह रहा था। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह, कांस्टेबल अवधेश गुप्ता और कांस्टेबल रणवीर यादव शामिल रहे। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
