



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ पुलिस के लिए गौरव का क्षण उस समय आया जब यहां तैनात उप-निरीक्षक संजय कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। पदोन्नति के उपलक्ष्य में पुलिस कार्यालय आजमगढ़ में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया।समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने संजय कुमार सिंह के कंधों पर निरीक्षक पद के स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि पदोन्नति किसी भी पुलिसकर्मी की उत्कृष्ट सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का सम्मान होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक संजय कुमार सिंह भविष्य में भी अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और अनुशासित कार्यशैली से विभाग एवं जनपद का नाम रोशन करते रहेंगे।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नवपदोन्नत निरीक्षक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।आजमगढ़ पुलिस परिवार ने भी निरीक्षक संजय कुमार सिंह को पदोन्नति की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।
