



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने एक मुख्य आरक्षी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की है। पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर मुख्य आरक्षी संजू कुमार को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरक्षी संजू कुमार, जो वर्तमान में जनपदीय सुरक्षा में कमिश्नरेट वाराणसी में तैनात हैं, ड्यूटी अवधि के दौरान अपने नियुक्त स्थान से अनुपस्थित रहे। जांच में उनके द्वारा कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अनुशासनहीन आचरण प्रदर्शित किए जाने की पुष्टि हुई।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की दण्ड एवं अपील नियमावली-1991 के तहत विभागीय जांच संस्थित करते हुए मुख्य आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि जनपद के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कर्तव्य पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा गैर-जिम्मेदाराना आचरण पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।पुलिस विभाग ने कहा है कि कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा और अनुशासित पुलिसिंग के प्रति उसकी प्रतिबद्धता सर्वोपरि है तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
