आजमगढ़ में साइबर ठगी के ₹1.42 लाख वापस, साइबर हेल्प डेस्क ने ऑनलाइन खरीदारी भी रुकवाई

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में साइबर अपराध का शिकार हुए युवक को पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क की त्वरित कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। साइबर अपराधियों द्वारा क्रेडिट कार्ड से ठगी की गई ₹1,42,500 की पूरी धनराशि पीड़ित को वापस करा दी गई। इतना ही नहीं, ठगी की रकम से की गई ऑनलाइन खरीदारी का ऑर्डर भी समय रहते निरस्त करा दिया गया।पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को ग्राम दुबरा निवासी शुभेन्द्र कुमार सिंह का मोबाइल नंबर हैक कर कॉल फॉरवर्डिंग के जरिए उनके क्रेडिट कार्ड से ₹1,42,500 की साइबर ठगी की गई थी। साइबर अपराधियों ने इस रकम से Voltas कंपनी के सामान का ऑनलाइन ऑर्डर किया था।घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने NCRP पोर्टल पर शिकायत संख्या 33109260229544 दर्ज कराई। बरदह थाना साइबर हेल्प डेस्क ने तत्काल संबंधित कंपनी से ई-मेल के जरिए संपर्क कर ठगी की रकम से किए गए ऑनलाइन ऑर्डर को निरस्त करा दिया। इससे अपराधियों को खरीदा गया सामान हासिल करने से रोक दिया गया।इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित बैंक और वित्तीय संस्थानों से समन्वय कर आवश्यक पत्राचार और तकनीकी कार्रवाई की। कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ित के खाते में साइबर फ्रॉड की पूरी ₹1,42,500 की धनराशि वापस करा दी गई।पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधी कई बार मोबाइल नंबर पर कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिवेट कराकर आने वाली कॉल या ओटीपी का दुरुपयोग करते हैं। पुलिस ने लोगों से किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिवेट न करने और OTP, PIN, CVV व UPI PIN जैसी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करने और NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है। पुलिस के मुताबिक समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराने या वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक मनीष सिंह और महिला आरक्षी आरती सिंह शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *