फर्जी दस्तावेजों से मदरसा अनुदान गबन मामले में वांछित महिला गिरफ्तार, अतरौलिया पुलिस की कार्रवाई

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। फर्जी अभिलेख तैयार कर शासकीय अनुदान हड़पने के चर्चित मदरसा गबन प्रकरण में अतरौलिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित महिला अभियुक्ता रेनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में राज्य विशेष अनुसंधान दल (ईओडब्ल्यू) की जांच में मदरसा फैजेकौशर निस्बां, रूकुमलपुर, अतरौलिया के प्रबंधक एवं शिक्षकों द्वारा आपराधिक षड्यंत्र के तहत कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें वास्तविक अभिलेख के रूप में प्रस्तुत करते हुए शासकीय धनराशि और अनुदान प्राप्त कर गबन करने के तथ्य सामने आए थे। जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना अतरौलिया में रियाज अहमद, किरन पाल, रेनू यादव और अनवार अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।सोमवार सुबह उपनिरीक्षक विश्राम गुप्ता अपनी टीम के साथ आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्ता रेनू यादव (35 वर्ष) को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार महिला मूल रूप से बनकटा बुजुर्ग थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अम्बेडकर नगर की निवासी है।पुलिस ने बताया कि अभियुक्ता के विरुद्ध थाना अतरौलिया में धारा 409, 420, 467, 468 और 471 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस ने कहा कि भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी और शासकीय धनराशि के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *