



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के पवई थाना क्षेत्र में युवक को बेरहमी से पीटकर मृत समझने और पहचान छिपाने के लिए उसके कपड़े उतारकर फेंक देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, 8 जून को चौकिया गांव निवासी सुशीला देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र 7 जून की रात घर से निकला था और अगले दिन सुबह गांव के बाहर ट्यूबवेल के पास अचेत अवस्था में मिला। उसके सिर, चेहरे और गले पर गंभीर चोटों के निशान थे। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।विवेचना के दौरान हर्ष सिंह (19), ओम सिंह (20) और सक्षम सिंह (20) के नाम सामने आए। सोमवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पवई पुलिस ने बागबहार पुलिया के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की रात वे मोटरसाइकिल से जा रहे थे। चौकिया के पास एक युवक नशे की हालत में सड़क के बीच खड़ा था। हॉर्न देने के बावजूद रास्ते से न हटने पर विवाद हो गया, जिसके बाद तीनों ने मिलकर युवक की लात-घूंसों, जूतों और चप्पलों से पिटाई कर दी। युवक के बेहोश होने पर उन्हें लगा कि उसकी मौत हो गई है। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके कपड़े उतारकर साथ ले गए और रास्ते में फेंक दिए।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना से संबंधित पैंट, जूते, बेल्ट समेत अन्य सामान बरामद कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
