



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जनपद के थाना मुबारकपुर क्षेत्र में प्रतिबंधित पशु अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।मामला 1 मई 2026 का है, जब फखरुद्दीनपुर स्थित ग्रीन पैराडाइज ढाबा के पीछे मिट्टी के भीटे पर प्रतिबंधित पशु के सिर, खाल व अन्य अवशेष मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने अवशेष बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की और थाना मुबारकपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।विवेचना के दौरान सलमान अहमद निवासी जनपद मऊ का नाम सामने आया। 2 मई को पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी दामोदरपुर मार्ग पर एक बाग में मौजूद है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार हेतु सीएचसी मुबारकपुर भेजा गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध असलहा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और ₹250 नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर छुट्टा गोवंशीय पशुओं का वध कर मांस बेचने की बात स्वीकार की है।फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
