खोए फोन लौटाने में आजमगढ़ पुलिस का रिकॉर्ड, 352 मोबाइल एक साथ बरामद, 27 महीनों में 10 करोड़ से ज्यादा की रिकवरी, हजारों चेहरों पर लौटी मुस्कान

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 352 एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत लगभग 88 लाख रुपये) बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से शिकायतें दर्ज कराई जाती हैं, जिन पर कार्यवाही करते हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया। दिनांक 03 मई 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन द्वारा बरामद मोबाइल फोन संबंधित स्वामियों को सुपुर्द किए गए।आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2026 में कुल 352 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 959 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 2.39 करोड़ रुपये) बरामद कर लौटाए जा चुके हैं। वहीं फरवरी 2024 से अब तक के 27 महीनों में कुल 4172 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10.28 करोड़ रुपये) बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं।जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई गई है। पुलिस की इस पहल से आम नागरिकों में भरोसा बढ़ा है और खोए हुए मोबाइल वापस मिलने से लोगों के चेहरों पर खुशी देखी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *