आजमगढ़ तेल को लेकर पेट्रोल पंप पर बवाल, मैनेजर समेत कई कर्मचारियों से मारपीट, सीसीटीवी वीडियो हुआ वायरल

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आज़मगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बरडीहा उर्फ गडेरूआ गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेल देने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दर्जनों लोगों ने पेट्रोल पंप पहुंचकर कर्मचारियों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार विशेन बीएस पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे कुछ युवक पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। पेट्रोल की सीमित उपलब्धता के चलते कर्मचारियों ने दोपहिया वाहनों में केवल 300 रुपये तक का तेल देने की बात कही। इसी को लेकर ग्राहकों और कर्मचारियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर युवक वहां से चले गए।आरोप है कि शाम करीब 7 बजे वही युवक अपने कई साथियों और एक महिला के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचे। इस दौरान उनके हाथों में लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और अन्य हथियार थे। आते ही उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर हमला बोल दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि झगड़ा शांत कराने पहुंचे पेट्रोल पंप मालिक के चाचा सतीश चंद सिंह पर भी हमला किया गया। उनके सिर पर लोहे की रॉड से वार किए जाने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मारपीट और हंगामे के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। भगदड़ के दौरान उनकी तीन मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गईं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने किशन चौहान, एक महिला समेत करीब 20 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *