


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नाम और जन्मतिथि बदलकर दूसरा पासपोर्ट बनवाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आपको बता दे की आरोपी ने पहले से बने पासपोर्ट के बावजूद भ्रामक जानकारी देकर दूसरा पासपोर्ट बनवा लिया था। पुलिस के मुताबिक 20 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक दयानन्द ने सूचना दी कि ग्राम सदरपुर बरौली निवासी प्रमोद कुमार गौड़ ने अपने नाम और जन्मतिथि में हेरफेर कर पासपोर्ट बनवाया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने वर्ष 2007 में प्रमोद कुमार गौर पुत्र देवीचरन गौर, जन्मतिथि 30 अप्रैल 1978 के नाम से पासपोर्ट बनवाया था, जिसकी अवधि 2017 तक थी। बाद में 14 अगस्त 2017 को उसी नाम से पासपोर्ट का नवीनीकरण कराकर नया पासपोर्ट नंबर R8236695 बनवाया गया, जिसकी वैधता 13 अगस्त 2027 तक है।इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपना नाम और जन्मतिथि बदलकर भ्रामक तथ्यों के आधार पर दूसरा पासपोर्ट नंबर C6288024 भी बनवा लिया। मामले की जानकारी होने पर थाना फूलपुर में मुकदमा संख्या 55/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस तथा 12(1)(बी) पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। रविवार 8 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान वांछित आरोपी प्रमोद कुमार गौड़ (उम्र लगभग 43 वर्ष) को उसके घर के बाहर ग्राम सदरपुर बरौली से सुबह करीब 8:35 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
