शहर से लेकर गांव तक 3593 स्थानों हुआ होलिका दहन,आधी रात बाद होलिका दहन के बीच कलाकारों ने किया मनोरंजन

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

पुरानी सब्जी मंडी पर औघड़ नृत्य के साथ बाकी लोग भी झूमते रहे

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।आधी रात बाद होलिका दहन का मुहुर्त होने के कारण इस बार ज्यादा लोगों की भागीदारी मुश्किल लग रही थी, लेकिन शहर के पुरानी सब्जीमंडी पर ऐसा नहीं था। जन भागीदारी सुनिश्चत करने के लिए कलाकार बुलाए गए थे, जो होली के अनुरूप अपनी प्रस्तुति से लोगों को होलिका दहन तक बांधे रखे। एक ओर कलाकार औघड़ नृत्य कर लोगों को आकर्षित कर रहे थे, तो दूसरी ओर बाकी लोग भी उनका साथ दे रहे थे। इस दौरान बज रहे होली गीतों पर भी जगह-जगह लोग झूमते नजर आए। आधी रात बाद होलिका दहन के कारण पुलिस भी कुछ ज्यादा ही मुश्तैद दिखी। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं पैदल तो कहीं वाहन से सुरक्षा कर्मी भ्रमण कर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने में लगे थे। जिले के 186 संवेदनशील व 194 अति संवेदनशील स्थानों पर प्रशासन की विशेष नजर रही। शहर से लेकर गांव तक 3593 स्थानों पर होना था होलिका दहन, जबकि 14 जगह से जुलूस निकालने की सूचना प्रशासन को थी। शांति और सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन सुपर और छह जोन बनाए गए, अराजक तत्वों पर नियंत्रण को 50 थाना व 6 सर्किल मोबाइल टीम का गठन किया गया था। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अति संवेदनशील दहन स्थलों का भ्रमण करते रहे। साथ ही दूसरे दिन की शांति के लिए भी भ्रमण करते रहे। कारण कि इस बार भी रमजान माह में होली उत्सव मनाया जा रहा है। होलिका दहन के दृष्टिगत व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। होली पर्व के दौरान जनपद में 247 संवेदनशील स्थान चिह्नित कर विशेष सतर्कता बरती गई। पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहाद्र्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु जनपद में कुल 3650 सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें 2300 पुलिस कर्मी व 1350 होमगार्ड व पीआरडी जवान शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत 50 थाना मोबाइल, 6 सर्किल मोबाइल भ्रमणशील रहेगी। 2 कम्पनी पीएसी तथा जनपद मुख्यालय से 300 अतिरिक्त पुलिस बल को विभिन्न क्षेत्रों में अराजक तत्वों एवं उपद्रवियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु तैनात किया गया है। साथ ही डायल-112, अग्निशमन दल एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में प्रशासन की पैनी नजर बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *