

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, आजमगढ़।सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज एवं हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित रूप से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शनिवार को क्षेत्र में विवाद खड़ा हो गया। ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अतरौलिया थाने पहुंचकर आरोपी पूर्व प्रधान के खिलाफ नामजद तहरीर देते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की।थानाध्यक्ष को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि थाना क्षेत्र के चकचौबे (पलया) गांव निवासी पूर्व प्रधान हरिराम यादव उर्फ बागी ने 19 जून को फेसबुक पर ब्राह्मण समाज, पुजारियों तथा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट कीं। इससे समाज की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे नीरज तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियां न केवल ब्राह्मण समाज बल्कि धार्मिक आस्थाओं का भी अपमान हैं। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र पांडे ने कहा कि किसी भी समाज, धर्म या वर्ग के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। गन्ना समिति बूढ़नपुर के चेयरमैन चंद्रजीत तिवारी ने कहा कि कथित टिप्पणियों से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।इस मौके पर चंद्रजीत तिवारी, नीरज तिवारी, वीरेंद्र पांडे, प्रवीण सिंह, आनंद तिवारी, घनश्याम पांडे, बृजेश पांडे, अंकित शुक्ला, प्रदीप पांडे, संदीप पांडे, राम पूजन तिवारी एवं प्रमोद पांडे समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।इस संदर्भ में थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप विधिक कार्रवाई की जाएगी।
