

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अलहनी गांव में शुक्रवार शाम पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। विवाद के दौरान 32 वर्षीय पिंकी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 7 बजे किसी बात को लेकर पति नीरज निषाद और उसकी पत्नी पिंकी के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिंकी अपने तीन बच्चों के साथ कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद नीरज ने दरवाजा तोड़ दिया और पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया।घटना में गंभीर रूप से घायल पिंकी की मौत हो गई। सूचना मिलते ही कप्तानगंज थाना अध्यक्ष जयप्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर ने बताया कि घटना के दौरान पति नीरज निषाद भी घायल हुआ है, जिसका उपचार कराया जा रहा है। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था और शुक्रवार को हुए झगड़े के बाद पिंकी की हत्या कर दी गई।दंपति के तीन बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर के अनुसार पुलिस की एक टीम लखनऊ रवाना की गई है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
