आजमगढ़ में गहने साफ करने के नाम पर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र में महिलाओं को गहने साफ करने का झांसा देकर सोने के आभूषण हड़पने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने सफल अनावरण किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। गिरफ्तार दोनों आरोपी बिहार के कटिहार जनपद के निवासी हैं।पुलिस के अनुसार, 16 जून को ग्राम कंजहित निवासी जयनारायण दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी मनोरमा दुबे को दो अज्ञात व्यक्तियों ने गहने साफ करने का झांसा देकर सोने के आभूषण ले लिए और विरोध करने पर भयभीत कर मौके से फरार हो गए। मामले में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।20/21 जून की रात पुलिस टीम गायत्री मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर सरूपहां क्षेत्र में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस द्वारा घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चाहत कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी मुन्ना शाह को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान चाहत कुमार (22 वर्ष) एवं मुन्ना शाह (45 वर्ष) निवासी ग्राम समेली, थाना कुरसेला, जनपद कटिहार (बिहार) के रूप में हुई। उनके कब्जे से घटना में लूटी गई एक सोने की चैन, दो सोने के झाले, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ विभिन्न राज्यों और जनपदों में घूम-घूमकर महिलाओं को गहने साफ करने, चमकाने अथवा पुराने गहनों को नया बनाने का झांसा देकर ठगी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *