

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। राष्ट्रीय वैश्य स्वाभिमान संघ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य संवैधानिक पदों के विरुद्ध सार्वजनिक मंचों व सोशल मीडिया पर की जा रही कथित अभद्र टिप्पणियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। संगठन के जिला महामंत्री अरविंद मोदनवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाए। अरविंद मोदनवाल ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर किसी भी संवैधानिक पद का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।जिला उपाध्यक्ष संदीप गांधी नेहाल ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन प्रदर्शन संविधान और मर्यादा के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने संवैधानिक पदों के सम्मान की आवश्यकता पर बल दिया।संघ के मंत्री रामविजय गुप्ता ने कहा कि समाज में शालीन संवाद, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान की भावना बनाए रखने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन में सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं समाज में वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री की निगरानी बढ़ाने और जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने की भी मांग की गई।इस अवसर पर जिला सचिव भरत मद्धेशिया, विवेक गुप्ता, प्रशांत मद्धेशिया सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
