

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जनपद के जीयनपुर थाना पुलिस ने एटीएम बदलकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अन्तर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के पास से अवैध हथियार, नकदी, 25 एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन एवं फर्जी नंबर प्लेट लगी कार बरामद की गई है।बता दे की बीते कुछ माह में जीयनपुर व मुबारकपुर थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की कई घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें पीड़ितों से हजारों से लेकर लाखों रुपये की निकासी की गई थी। इन मामलों में थाना जीयनपुर व मुबारकपुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमे पंजीकृत किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर राजकुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 2 जनवरी को ग्राम नरईपुर के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक हुंडई i-10 कार को रोका। कार में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना नाम दीपक झा निवासी मधुबनी (बिहार) व सौरभ चौधरी निवासी जलगांव (महाराष्ट्र) बताया, जो वर्तमान में मुंबई में रह रहे थे। पूछताछ में दोनों ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने की घटनाओं को बताया। पुलिस ने अभियुक्तों के पास से दो तमंचे, दो जिन्दा कारतूस, ₹45 हजार नकद, 25 एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन तथा फर्जी नंबर प्लेट लगी कार बरामद की।
