

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी विधायक सुधाकर सिंह के निधन को करीब दो माह का समय हो चुका है। इस बीच, चुनाव आयोग की ओर से उपचुनाव की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सपा ने स्वर्गीय सुधाकर सिंह के परिवार के प्रति सहानुभूति जताते हुए उनके पुत्र, घोसी के पूर्व ब्लाक प्रमुख सुजीत सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी और सुभासपा भी अपने प्रत्याशियों की स्थिति तय करने के लिए माथापच्ची कर रही हैं। पिछले उपचुनाव में भाजपा का पूरा आला कमान घोसी में सक्रिय रहा था, लेकिन फिर भी यह सीट भाजपा को नहीं मिल सकी थी। इस बार भाजपा नई रणनीति के तहत चुनावी मैदान में उतरेगी। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय का कहना है की घोसी के विधायक सुधाकर सिंह के निधन के कारण उप चुनाव होना है जिसकी तारीख अभी तय नहीं है लेकिन चुनाव में उतरने के लिए पार्टी की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि इस समय SIR का काम चल रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने मऊ जिला इकाई के साथ ही घोसी के भाजपा कार्यकर्ताओं को घोसी विधानसभा सीट के फर्जी और डुप्लीकेट मतदाताओं का नाम हटाने के लिए लगा रखा है। उन्होंने दावा किया की इस बार के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी घोसी में जीत अवश्य दर्ज करेगी। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने इस बात से इनकार किया कि SIR के कार्य में सरकार और संगठन के बीच मतभेद है। कहा कि सरकार और संगठन मिलकर मतदाता शुद्धिकरण का काम कर रहे हैं । इसके साथ ही नए मतदाता बनाने का भी काम हो रहा है। कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में जो 2 करोड़ 89 लाख वोटर कम हुए हैं इसका प्रभाव नहीं पड़ेगा और एक बार फिर से उत्तर प्रदेश में एनडीए की सरकार बनेगी।
