




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बिलरियागंज थाना पुलिस ने मंदिर से लौट रही महिला के गले से सोने की चेन झपटने की घटना का महज तीन दिन के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटी गई चेन को बेचकर प्राप्त 52 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 7 जून 2026 को गद्दोपुर निवासी राघवेन्द्र सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि उनकी चाची पुष्पा सिंह महादेव मंदिर कुटिया बड़िहारी से पूजा-अर्चना कर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से लगभग 30 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। तहरीर के आधार पर बिलरियागंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने बुधवार को नसीरपुर नई बस्ती के पास घेराबंदी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने महिला से चेन झपटने की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने चेन को एक अज्ञात राहगीर को 74 हजार रुपये में बेच दिया था और रकम आपस में बांट ली थी।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजेश राजभर (45 वर्ष) पुत्र स्व. तिलकू राजभर तथा सिन्टू राजभर (38 वर्ष) पुत्र दुर्बल्ली राजभर, दोनों निवासी बड़िहारी थाना बिलरियागंज के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 52 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा पैशन प्लस मोटरसाइकिल (UP50S3065) बरामद की है। दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया गया है।
