




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के जीयनपुर थाना क्षेत्र में पंचायत निर्वाचन की मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित ग्राम प्रधान मोहम्मद अजीम को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि फर्जी पाण्डुलिपि और कूटरचित हस्ताक्षरों के जरिए मतदाता सूची में अवैध रूप से नाम जोड़ने और हटाने का खेल किया गया था।मामला उस समय सामने आया जब तहसील सगड़ी में तैनात राजस्व निरीक्षक ने जांच के दौरान विकास खंड अजमतगढ़ के ग्राम अंजान शहीद की मतदाता पाण्डुलिपियों में गड़बड़ी पकड़ी। जांच में पाया गया कि बीएलओ, सुपरवाइजर और अन्य अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर कर फर्जी पाण्डुलिपि तैयार की गई और उसे असली सूची में शामिल कर मतदाता सूची में हेरफेर किया गया।पुलिस के अनुसार विकास खंड अजमतगढ़ के कर्मचारी संतोष भाष्कर ने ग्राम प्रधान मोहम्मद अजीम, नदीम और अन्य लोगों के साथ मिलकर इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। मामले में जीयनपुर थाने पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।रविवार सुबह जीयनपुर पुलिस ने वांछित आरोपी ग्राम प्रधान मोहम्मद अजीम को पकवाइनार मोड़ स्थित नंदू की चाय की दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए गलती की माफी मांगी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
