




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड गिरोह के एक और वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 1600 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। यह गिरोह खुद को साइबर क्राइम अधिकारी बताकर लोगों को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने का डर दिखाता था और फिर लाखों रुपये की ठगी करता था।पुलिस के मुताबिक महाराजगंज थाना क्षेत्र निवासी नागेंद्र मिश्र के मोबाइल पर जनवरी 2025 में एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को साइबर क्राइम अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की एफआईआर दर्ज है। गिरफ्तारी का भय दिखाकर मामले को निपटाने के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग खातों में कुल 34 लाख 87 हजार 998 रुपये जमा करा लिए गए।मामले में साइबर क्राइम थाने पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पहले गुजरात से कौशिक सरवैया और भगीरथ सिंह जाला तथा गोरखपुर से आदिल हुसैन को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी क्रम में पुलिस ने अब लखनऊ निवासी मो. रियाज उर्फ तन्नू को गिरफ्तार किया है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी करता था। गिरोह टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए विदेशी साइबर अपराधियों के संपर्क में रहता था। आरोपी साइबर अपराध से जुड़े पैसों के लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराते थे और रकम निकालने के बाद USDT खरीदकर विदेशों में ट्रांसफर कर देते थे।फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
