




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के कोतवाली थाना क्षेत्र में युवक पर जानलेवा चाकू हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है। घायल युवक का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस के मुताबिक उकरौड़ा निवासी नागेंद्र यादव ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके बड़े भाई रविंद्र यादव 17 मई को बंशी बाजार सामान लेने गए थे। इसी दौरान गांव के ही संदीप उर्फ बउआ यादव ने शराब के नशे में गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। हमले में रविंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज ग्लोबल हॉस्पिटल आजमगढ़ में चल रहा है। मामले में कोतवाली थाने पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी संदीप यादव उर्फ बउआ को उकरौड़ा स्थित देशी शराब ठेके के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।
