




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। के अतरौलिया क्षेत्र में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे पति, पत्नी और 10 वर्षीय बेटे की जान चली गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बनकट जगदीश कोइरीपुर निवासी संतोष विश्वकर्मा अपनी पत्नी गुड़िया विश्वकर्मा और बेटे रियांश के साथ बाइक से गोरखपुर रिश्तेदारी में गए थे। वापस लौटते समय अतरौलिया के गदनपुर इंटरचेंज पर वे रास्ता भटक गए और नीचे उतरने की बजाय एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ गए। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक खीरीडीहा गांव के पास गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पॉइंट नंबर 68.9 पर पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक संतोष विश्वकर्मा उछलकर सर्विस रोड के किनारे जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर यूपीडा की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अतरौलिया के 100 शैया अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान गुड़िया विश्वकर्मा ने दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटे रियांश को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बाइक व पिकअप को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक परिवार के गांव में कोहराम मचा हुआ है।
