पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर जानलेवा स्टंट, चलती स्कॉर्पियो से बाहर लटके युवक, पुलिस करेगी वाहन चालक और वाहन मालिकों पर कार्रवाई

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में स्टंटबाज़ी का खतरनाक ट्रेंड थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल होने और रील बनाने की होड़ में युवा अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी भी खतरे में डाल रहे हैं। ताजा मामला पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ा है, जहां चलती स्कॉर्पियो गाड़ी के दरवाजे से बाहर लटककर युवकों ने जानलेवा स्टंट किया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से उतरते समय का है, जिसमें कई गाड़ियों के काफिले के बीच युवक स्कॉर्पियो के दरवाजे से बाहर लटककर वीडियो बनवाते नजर आ रहे हैं। खतरनाक स्टंट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। आजमगढ़ पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को चिन्हित कर लिया है और वाहन मालिक व चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाज़ी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वायरल वीडियो के आधार पर गाड़ी की पहचान कर ली गई है और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डालें तथा यातायात नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *