


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, आजमगढ़।अतरौलिया शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय एदिलपुर में शिक्षकों की घोर लापरवाही सामने आई है, जहां कक्षा 3 का एक छात्र घंटों तक स्कूल के कमरे में बंद रहा। आजमगढ़ जिले के अतरौलिया क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय एदिलपुर में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां दादर गांव निवासी हिमांशु राजभर, जो कक्षा 3 का छात्र है, स्कूल में ही बंद रह गया।बताया जा रहा है कि सोमवार को पढ़ाई के दौरान हिमांशु को नींद आ गई और वह कक्षा में ही सो गया। छुट्टी के समय शिक्षकों और विद्यालय कर्मचारियों ने बिना यह जांच किए कि कोई बच्चा अंदर तो नहीं है, बाहर से कमरे में ताला लगा दिया और घर चले गए।जब काफी देर तक हिमांशु घर नहीं पहुंचा, तो उसकी मां फूला देवी चिंतित हो उठीं। उन्होंने गांव के अन्य बच्चों से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद वह घबराई हुई करीब 4 बजे स्कूल पहुंचीं। स्कूल पहुंचकर उन्होंने देखा कि उनके बेटे की आवाज अंदर से आ रही है। बच्चा भूख-प्यास से बिलख रहा था। यह दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। तत्काल ग्राम प्रधान को सूचना दी गई और चाबी मंगवाकर स्कूल का ताला खोला गया। बाहर निकलते ही हिमांशु डरा-सहमा और रोता हुआ नजर आया। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मां नहीं पहुंचतीं, तो बच्चे के साथ कोई गंभीर अनहोनी हो सकती थी। ग्रामीणों ने दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में क्षम्य नहीं है। उन्होंने कहा कि तत्काल स्पष्टीकरण जारी किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
