आजमगढ़ में भोजपुरी स्टार पवन सिंह के शो के नाम पर 14 लाख की ठगी, निहाल सिंह सहित चार पर मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक और अभिनेता पवन सिंह के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने बड़े म्यूजिकल शो में भोजपुरी स्टार पवन सिंह को बुलाने का झांसा देकर कलाकार से मोटी रकम ऐंठ ली। मामले में अतरौलिया पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अमेठी जिले के गाजनपुर गांव निवासी दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर पेशे से म्यूजिक कलाकार हैं और लखनऊ में रहकर क्लब, रेस्टोरेंट व विभिन्न कार्यक्रमों में गिटार बजाने के साथ म्यूजिकल बैंड शो आयोजित करते हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात मोहम्मद खर्शीद अहमद और टीना नामक लोगों से हुई। बातचीत के दौरान बड़े स्तर का म्यूजिक शो आयोजित करने की योजना बनी, जिसमें भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को मुख्य आकर्षण के तौर पर बुलाने की बात तय हुई।दिव्यांश ने इस संबंध में अपने परिचित निहाल सिंह से संपर्क किया। निहाल ने दावा किया कि उसके पड़ोसी निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह का पवन सिंह से सीधा संपर्क है और वे कार्यक्रम की बुकिंग आसानी से करवा देंगे। आरोपियों ने बताया कि पूरे शो का खर्च करीब 14 लाख रुपये आएगा और 31 दिसंबर 2024 की तारीख तय कर दी गई। पीड़ित के अनुसार, भरोसा दिलाने के बाद आरोपियों ने एडवांस के रूप में नौ लाख रुपये निहाल सिंह की मां के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद प्रचार-प्रसार, टेंट, मंच और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर करीब पांच लाख एक हजार रुपये और ले लिए गए।कुछ समय बाद जब दिव्यांश ने पवन सिंह की टीम से संपर्क किया तो उनके मैनेजर ने ऐसे किसी कार्यक्रम या बुकिंग से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हो गए, जिससे ठगी का शक पुख्ता हो गया। दिव्यांश ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी से की, जिसके बाद अतरौलिया थाने में निहाल सिंह, निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इस पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि भोजपुरी स्टार पवन सिंह के कार्यक्रम को करने के लिए 14 लाख रुपए ले लिया गया है कार्यक्रम हेतु उनकी बुकिंग नहीं की गई है दिव्यांश सिंह द्वारा थाना अतरौलिया में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया।मामले में नामजद अभियुक्त निहाल सहित चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है इसकी विवेचना की जा रही है विवेचना में जो भी तथ्य प्रकाश में आएगा उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *