आजमगढ़: जमीन विवाद में दबंगों का तांडव, विधवा महिला की बेटियों पर जानलेवा हमला एक की हालत गंभीर, पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के ग्राम सीवान में जमीन विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक विधवा महिला और उसकी बेटियों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता गीता पत्नी स्व. सुरेंद्र ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने गोलबंद होकर उसकी बेटियों को बेरहमी से पीटा और घर में घुसकर तोड़फोड़ व लूटपाट की।पीड़िता गीता ने बताया कि 17 जनवरी की दोपहर उसकी पुत्री नेहा अपनी जमीन पर पशुओं के लिए पुआल काट रही थी। इसी दौरान गांव के रामनयन, उनके पुत्र परमानंद समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने हमला कर दिया। आरोप है कि परमानंद लोहे की रॉड लेकर जान से मारने की धमकी दे रहा था। जान बचाने के लिए नेहा घर की ओर भागी तो आरोपित घर में घुस आए और नेहा व उसकी बहन श्वेता को बेहोश होने तक मारते रहे। मारपीट के दौरान सोने की चेन और दो मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप है। शोर सुनकर ग्रामीणों के जुटने पर आरोपित फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। नेहा की हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया, जबकि श्वेता का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपित खुलेआम धमकी दे रहे हैं और थाना स्तर पर सांठगांठ का दावा कर रहे हैं। उसका कहना है कि अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और शिकायत को हल्की धाराओं में दर्ज किया गया है। पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच, सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *