

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया आजमगढ़। थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच से लौट रही युवती के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। युवती के विरोध और शोर मचाने पर उसे बचाने पहुंचे भाई के साथ आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने युवक के गाल पर दांत से काट लिया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।पीड़िता के अनुसार, वह देर शाम शौच के बाद घर लौट रही थी। रास्ते में पोखरे के पास स्थित अंबेडकर प्रतिमा के निकट गांव निवासी जितेंद्र पुत्र किशोर ने, जो कथित रूप से नशे की हालत में था, उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उसने युवती का हाथ पकड़कर खींचा, अशोभनीय हरकत की और उसे जमीन पर गिरा दिया।युवती के शोर सुनकर उसका भाई मौके पर पहुंचा और बहन को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान जितेंद्र ने उसके साथ मारपीट की और गाल पर दांत से काट लिया। कुछ देर बाद आरोपी का छोटा भाई अनिल भी मौके पर पहुंच गया और अपने भाई का साथ देते हुए मारपीट व अभद्रता की।घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस के लौटने के बाद आरोपी फिर से धमकी देने लगा और कार्रवाई न होने की बात कहकर डराने का प्रयास किया।पीड़िता और उसके भाई ने अतरौलिया थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी क्षेत्र में अक्सर विवाद करता रहता है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।थाना प्रभारी अतरौलिया देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
