आजमगढ़ में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गुरुटोला मोहल्ला निवासी संजय कुमार पाठक के छोटे पुत्र सुधाकर पाठक 16 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे। वह ई-कार्ट कंपनी में मुंशी सराय क्षेत्र में काम करते थे। शाम करीब 4:15 बजे जब उनकी पत्नी पूजा ने उनके मोबाइल पर फोन किया तो किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाकर खुद को मोहम्मदाबाद में होने की बात कही और बाद में फोन बंद कर दिया।परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद सूचना मिली कि पुरानी जेल के सामने पावर हाउस के पीछे बंधे के किनारे एक युवक का शव मिला है। मृतक के बड़े भाई जब मौके पर पहुंचे तो पुलिस शव को सील कर चुकी थी। बाद में फोटो के आधार पर शव की पहचान सुधाकर पाठक के रूप में हुई।अगले दिन 17 अप्रैल को पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान, चेहरे का काला पड़ना और नाक से खून बहने जैसी स्थितियों का हवाला देते हुए हत्या की आशंका जताई है।मृतक के पिता संजय कुमार पाठक ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की निष्पक्ष जांच, एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *